मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में शनिवार को एक परिवार द्वारा लिया गया आस्था से जुड़ा निर्णय चर्चा में आ गया। हापुड़ जिले से आए एक मुस्लिम परिवार के छह सदस्यों ने बघरा क्षेत्र स्थित एक धार्मिक आश्रम में वैदिक विधि से सनातन धर्म को अपनाया।
आश्रम परिसर में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के दौरान शुद्धि-हवन, यज्ञ और मंत्रोच्चार किए गए। इसके पश्चात परिवार के सदस्यों ने अपने पुराने नाम त्यागकर नए हिंदू नाम धारण किए। परिवार के मुखिया फुरकान अब विशाल, पत्नी नगीना प्रीति देवी, बेटियां अफसा नेहा, अलफिजा पूजा, बेटा अमन आकाश और पुत्री मन्तसा मनसा के नाम से पहचाने जाएंगे।
धर्मग्रहण के दौरान संतों ने परिवार को सनातन धर्म के सिद्धांतों, संस्कारों और जीवनशैली की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में परिवार ने सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट किया कि उन्होंने यह कदम किसी दबाव, भय या लालच में नहीं बल्कि अपनी अंतरात्मा की आवाज पर उठाया है।
आश्रम प्रबंधन की ओर से बताया गया कि इस प्रकार के कार्यक्रम पूरी तरह स्वैच्छिक होते हैं और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी आस्था चुनने की स्वतंत्रता है। कार्यक्रम में स्थानीय श्रद्धालु, समाजसेवी और आश्रम से जुड़े लोग मौजूद रहे।
घटना के बाद यह मामला सामाजिक और धार्मिक चर्चाओं में बना हुआ है।
