मुज़फ्फरनगर। जिले के दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से नुमाइश मैदान के मुख्य पंडाल में बुधवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा भव्य सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार में दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया।

शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन पहुंचे, जिनके लिए विभाग ने विभिन्न श्रेणियों के उपकरण उपलब्ध कराए। आंकड़ों के अनुसार 217 ट्राईसाइकिलें , 112 व्हीलचेयर, 51 स्मार्ट केन, 22 श्रवण मशीनें, 40 बैसाखियां आदि
लाभार्थियों को वितरित की गईं।


इसके अतिरिक्त पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग द्वारा संचालित पूर्वदशम छात्रवृत्ति, दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति योजनाओं के तहत 50 छात्रों को सांकेतिक प्रमाणपत्र दिए गए। विभाग ने बताया कि जिले में अब तक 3525 छात्रों को पूर्वदशम तथा 3059 छात्रों को 11–12 कक्षा के अंतर्गत छात्रवृत्ति का लाभ मिल चुका है।

अपने संबोधन में मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि शासन की नीतियां तभी सफल मानी जाएंगी जब लाभ अंतिम पायदान पर बैठे हर जरूरतमंद तक पहुंचे। उन्होंने निर्देश दिया कि जो लाभार्थी ठंड या दूरी के कारण शिविर में शामिल नहीं हो सके, उनके घर जाकर उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
उन्होंने कहा, “दिव्यांगजन सम्मान के साथ आगे बढ़ें, यह हमारी जिम्मेदारी है। विभाग यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार पाने में कठिनाई न हो।”

कार्यक्रम के दौरान राधा माधव संगीत कला केंद्र की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को सांस्कृतिक रंग दिया।

शिविर में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, एडीएम संजय कुमार, उपनिदेशक पिछड़ा वर्ग एम.पी. सिंह, उपनिदेशक दिव्यांगजन राजकुमार सिंह, जिला दिव्यांगजन अधिकारी दीक्षा उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी कमलेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार सहित अनेक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजीव कुमार ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group