मुज़फ्फरनगर। शहर के चरथावल रोड इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब नगर कोतवाली क्षेत्र में स्थित एक मोबिल ऑयल स्टोरेज गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।
आग की सूचना पर फायर सर्विस की कई यूनिट, पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने के लिए लगातार पानी और फोम का प्रयोग किया गया। करीब तीन घंटे बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंचे सीओ सिटी सिद्धार्थ मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं और फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधि अमरकांत चीकू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह गोदाम बिना वैध लाइसेंस के संचालित हो रहा था और इसके आसपास घनी आबादी है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रशासन ने गोदाम की वैधता, सुरक्षा मानकों और लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। मामले में दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group