मुज़फ्फरनगर। जनपद पुलिस ने एक बार फिर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए लूट की वारदातों में शामिल चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। थाना पुरकाजी क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों से हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके तीन साथी दबोच लिए गए।
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में डीजे संचालक से हुई बाइक लूट के मामले में बदमाशों की तलाश की जा रही थी। शनिवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि आरोपी रण्डावली मार्ग से गुजर सकते हैं। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जिसे अस्पताल भेजा गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो तमंचे, जिंदा व खोखे कारतूस, चाकू और लूट की गई मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि सभी आरोपियों पर पहले भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।
