मुज़फ्फरनगर, 16 जनवरी 2026 — जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की जनवरी माह की बैठक वर्चुअल माध्यम से संपन्न हुई। बैठक में यातायात प्रबंधन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और अवैध वाहन संचालन पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
एडीएम ने शहर के भीतर अनियंत्रित रूप से चल रहे ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम और भीड़ पर चिंता जताई। उन्होंने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) और ट्रैफिक पुलिस को ई-रिक्शा के निर्धारित रूट तय करने, नियमित फिटनेस जांच करने तथा बिना लाइसेंस चल रहे ई-रिक्शा पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पुलिस विभाग जनवरी माह में प्रवर्तन अभियान को और सख्त करेगा ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाया जा सके। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक सड़क सुरक्षा सेमिनार और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
एडीएम ने जिले के मौजूदा ब्लैक स्पॉट्स पर कराए गए सुधार कार्यों की समीक्षा की और एनएचएआई तथा लोक निर्माण विभाग को नए संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर शीघ्र सुधारात्मक कार्य करने को कहा। साथ ही 2025 में चिन्हित नए ब्लैक स्पॉट्स पर चल रहे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
नगर पालिका परिषद मुज़फ्फरनगर को शहर में बढ़ते अतिक्रमण को पुलिस के सहयोग से हटाने का निर्देश दिया गया ताकि यातायात सुगम हो सके। घने कोहरे के मद्देनजर जिला गन्ना अधिकारी को गन्ना ढुलाई वाहनों की फिटनेस जांच कराने और पीछे रिफ्लेक्टर लगवाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group