मुज़फ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना थाना क्षेत्र में सक्रिय एक शातिर हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गिरोह के सदस्य सोशल मीडिया और वीडियो कॉल के ज़रिये लोगों से संपर्क कर उन्हें निजी मुलाकात के लिए बुलाते थे और फिर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे।
पुलिस के अनुसार पीड़ित किसान फिरोज मलिक को एक महिला द्वारा वीडियो कॉल कर बातचीत में उलझाया गया। बाद में उसे बुढ़ाना क्षेत्र के एक स्थान पर मिलने के लिए बुलाया गया, जहाँ पहले से मौजूद गिरोह के सदस्यों ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद किसान से वीडियो वायरल करने और गंभीर आरोपों में फँसाने की धमकी देकर तीन लाख रुपये की मांग की गई।
मामले की शिकायत मिलते ही मुज़फ्फरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों समसु और उस्मान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि इस गिरोह में कुल छह लोग शामिल हैं, जिनमें दो महिलाएं भी हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की वीडियो कॉल, दोस्ती या मुलाकात के प्रस्ताव से सावधान रहें और ठगी या ब्लैकमेल की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।
