मुज़फ्फरनगर। जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पिछले एक वर्ष में जिले में 470 सड़क दुर्घटनाएँ हुईं, जिनमें 275 लोगों की मौत हो गई, जबकि सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल हुए। अधिकांश हादसों में दुपहिया वाहन सवार शामिल रहे और बड़ी संख्या में पीड़ितों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
रिपोर्ट के अनुसार 407 दुर्घटनाएँ दोपहिया वाहनों से संबंधित रही हैं। तेज रफ्तार, गलत ओवरटेकिंग और यातायात नियमों की अनदेखी इन हादसों के मुख्य कारण बताए गए हैं। स्थिति को देखते हुए एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने विशेष सड़क सुरक्षा ड्राइव शुरू की है।
अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (दिल्ली-देहरादून मार्ग) , पानीपत-खटीमा हाइवे , सहारनपुर-मुज़फ्फरनगर स्टेट हाइवे पर चेकिंग प्वाइंट बनाए गए हैं। बिना हेलमेट आने वाले दुपहिया चालकों को हाईवे पर आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही। पहले चरण में जागरूक किया जा रहा है, जबकि बार-बार उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात विभाग स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण इलाकों में जागरूकता कार्यक्रम भी चला रहा है, ताकि सड़क हादसों में होने वाली जानमाल की क्षति कम की जा सके।
