
मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र में देर रात एक रेस्टोरेंट के अंदर पुलिसकर्मियों की दबंगई का मामला जोर पकड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए CCTV वीडियो में दो पुलिसकर्मी रेस्टोरेंट के भीतर घुसकर मालिकों और कर्मचारियों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में नाराजगी का माहौल है।
रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि रात में रेस्टोरेंट बंद हो चुका था, इसलिए खाना सर्व नहीं किया जा सकता था। इसी बात पर पुलिसकर्मी भड़क गए और उन्होंने स्टाफ से बदसलूकी करते हुए हाथापाई शुरू कर दी। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने कैश काउंटर और किचन में भी नुकसान पहुंचाया और कर्मचारियों को घसीटकर पीटा।
वीडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सत्यपाल अंतिल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार ओर रजत बालियान को निलंबित कर दिया है। SSP ने बताया कि विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और मामले में लापरवाही या दुर्व्यवहार पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रेस्टोरेंट जाकर पीड़ितों से मुलाकात की और प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और कर्मचारियों के बयान के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
