मेरठ। जिले के सरधना थाना क्षेत्र के कपसाड़ गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दबंगों ने बेटी को अगवा करने के दौरान उसकी मां की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतका की पहचान सुनीता (उम्र लगभग 42 वर्ष) के रूप में हुई है, जबकि अपहृत युवती उसका 20 वर्षीय बेटी रूबी बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह सुनीता अपनी बेटी रूबी के साथ खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव के ही पारस सोम और उसके साथियों ने रास्ते में रूबी को जबरन पकड़ लिया और उसे उठाकर ले जाने की कोशिश करने लगे। मां सुनीता ने जब इसका विरोध किया और बेटी को बचाने के लिए आगे बढ़ीं, तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियार (फरसा/बांक) से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर रूप से घायल सुनीता को परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, हमलावर रूबी को जबरन अगवा कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सरधना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर मुख्य आरोपी पारस सोम सहित अन्य के खिलाफ हत्या और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी देहात के अनुसार, युवती की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है। परिजन और ग्रामीण आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और रूबी की सकुशल बरामदगी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य वारदात का खुलासा कर लिया जाएगा।
