मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में पुलिसकर्मियों की लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक सीसीटीवी वीडियो में दो पुलिसकर्मी एक लावारिस शव को ई-रिक्शा में रखकर दूसरे इलाके में छोड़ते हुए दिखाई दिए। घटना सामने आते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारियों ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार शव लोहिया नगर थाना क्षेत्र में मिला था, जहाँ कानून के अनुसार पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए थी। लेकिन संबंधित पुलिसकर्मियों ने निर्धारित नियमों का पालन न करते हुए शव को दूसरी लोकेशन पर ले जाकर छोड़ दिया। वीडियो सार्वजनिक होते ही पुलिस ने दोनों कर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि मामले में शामिल एक होमगार्ड को बर्खास्त कर दिया गया।
एसएसपी मेरठ ने बताया कि मामले की जांच एक टीम को सौंप दी गई है, जो यह पता लगाएगी कि बिना किसी आधिकारिक आदेश के शव का स्थानांतरण क्यों और किसके निर्देश पर किया गया। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
