मेरठ, यूपी। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित गुलमर्ग कॉलोनी में सोमवार देर रात जन्मदिन की दावत के दौरान शुरू हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। परिवारिक विवाद के बीच चाकूबाजी की इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गुलमर्ग कॉलोनी निवासी सलीम के घर परिवार व रिश्तेदारों के बीच जन्मदिन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान बेटियों के डांस को लेकर माहौल बिगड़ गया। सलीम ने आपत्ति जताई और गुस्से में समारोह छोड़कर चला गया। बाद में घर पर पत्नी नरगिस से भी विवाद हो गया।
नरगिस ने मामले की सूचना अपने भाई यूनुस को दी। देर रात यूनुस अपने भांजे नौशाद के साथ सलीम से बात करने उसके घर पहुंचा। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई और झगड़ा बढ़ता चला गया। आरोप है कि इसी दौरान सलीम ने रसोई से चाकू निकालकर यूनुस पर लगातार वार कर दिए। नौशाद ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी चोटें आईं।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। परिजन घायलों को प्यारेलाल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां यूनुस की मौत हो गई, जबकि नौशाद का इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आरोपी सलीम को हिरासत में लेकर चाकू बरामद किया और हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना में पारिवारिक तनाव मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है।
