मेरठ। शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की है। दिल्ली रोड के भाईसाली बस स्टैण्ड से बेगमपुल की ओर जाने वाले मार्ग पर कार से खतरनाक तरीके से स्टंट करने की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों के नाम देव भटनागर पुत्र मिलिंद और राहुल कुमार पुत्र प्रदीप कुमार बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ा रहे थे तथा हूटर बजाने व वाहन से बाहर झुककर स्टंट करने की हरकतों से राहगीरों की सुरक्षा को जोखिम उत्पन्न हो रहा था।
पुलिस ने दोनों की कारों को कब्जे में लेते हुए उनके विरुद्ध धारा 281/125 बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया है। साथ ही क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि अन्य साथियों की भी पहचान की जा सके।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी न करें। ऐसी गतिविधियाँ न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि दुर्घटना का बड़ा कारण भी बन सकती हैं।
