लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सोमवार देर रात बड़े पैमाने पर तबादला सूची जारी की, जिसके तहत 20 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए। इस बदलाव में एडीजी, आईजी, डीआईजी और संयुक्त पुलिस आयुक्त स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।
जारी आदेश के अनुसार, लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में कार्यरत संयुक्त पुलिस आयुक्त अमित वर्मा को उनके पद से हटाया गया, जबकि उनकी जगह अपर्णा कुमारी को संयुक्त पुलिस आयुक्त (JCP) के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजधानी स्तर पर यह बदलाव महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके साथ ही कई बड़े जोन और रेंज में भी नई पोस्टिंग दी गई है। डॉ. संजीव गुप्ता को एडीजी, पुलिस मुख्यालय लखनऊ का दायित्व मिला है, जबकि किरन एस को लखनऊ रेंज का नया आईजी नियुक्त किया गया। इसी क्रम में ज्योति नारायण को प्रयागराज जोन का एडीजी बनाया गया है और विजय ढुल को प्रयागराज में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तबादला सूची में राम कुमार को एडीजीपी लॉजिस्टिक्स, राजकुमार को एडीजीपी मानवाधिकार, आर.के. भारद्वाज को आईजी रेलवे, लखनऊ और आशुतोष कुमार को एडीजी, पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड नियुक्त किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यह फेरबदल कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अनुभवी अधिकारियों को उपयुक्त दायित्व देने के उद्देश्य से किया गया है। कई ऐसे अफसर, जो अब तक गैर-फील्ड तैनाती पर थे, उन्हें सक्रिय पदों पर भेजा गया है।
सूत्रों के अनुसार, आगामी महीनों में सुरक्षा से जुड़े कई अहम कार्यक्रमों और प्रशासनिक प्राथमिकताओं को देखते हुए यह बदलाव रणनीतिक महत्व का माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group