
मुज़फ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट करते हुए एक तस्कर को पकड़ लिया। शुक्रवार को पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक युवक को रोका गया, जिसकी तलाशी में उच्च गुणवत्ता की स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग छह लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेहरबान पुत्र गुलाब, निवासी रतनपुरी, के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी क्षेत्र में पिछले काफी समय से नशा सप्लाई कर रहा था और छोटे सप्लायरों को माल उपलब्ध कराने का काम करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है, जिसे वह तस्करी में इस्तेमाल करता था।
जांच अधिकारियों ने बताया कि मेहरबान से लगातार पूछताछ चल रही है और उससे मिले सुरागों के आधार पर उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों पर भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करी को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान तेज किया गया है और किसी भी कीमत पर नशे के सौदागरों को बख्शा नहीं जाएगा।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
