मुजफ्फरनगर, 23 दिसंबर 2025 । राशनकार्ड धारकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश ने विभागीय वेबसाइट fes.up.gov.in पर राशनकार्ड से संबंधित अनेक सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि इस पहल से आमजन को अब अनावश्यक रूप से आपूर्ति कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि विभागीय पोर्टल के पब्लिक डोमेन पर राशनकार्ड विभाजन, यूनिट ट्रांसफर, राशनकार्ड स्थानांतरण, राशनकार्ड समर्पण, यूनिट निरस्तीकरण तथा मृत्यु की दशा में मुखिया परिवर्तन जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इन सेवाओं के लिए आवेदक को केवल अपने राशनकार्ड नंबर और उससे लिंक मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।
आधार आधारित ओटीपी वेरिफिकेशन के बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। ऑनलाइन किए गए सभी आवेदन संबंधित अधिकारियों के लॉगिन पर स्वतः दिखाई देंगे और नियमानुसार 15 दिनों के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
