मुज़फ्फरनगर के व्यस्त रेशु चौक क्षेत्र में सोमवार को जय समता पार्टी (जसपा) के कार्यकर्ता अचानक सड़क पर उतर आए और स्थानीय व्यवस्था की खामियों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे जलभराव, गड्ढों और टूटे मार्गों से परेशान लोगों ने जसपा के समर्थन में सड़क जाम कर प्रशासन का ध्यान खींचा।
प्रदर्शन का नेतृत्व जसपा युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमन बंसल ने किया। उन्होंने कहा कि रेशु चौक की सड़क रोज़ाना हजारों लोगों के आवागमन का मुख्य रास्ता है, लेकिन बरसों से इसकी मरम्मत न होने के कारण सड़क दलदल का रूप ले चुकी है। स्कूली बच्चों, कॉलेज विद्यार्थियों और दफ्तर जाने वालों को रोज़ाना जोखिम भरी स्थिति का सामना करना पड़ता है।
अमन बंसल ने यह भी मांग की कि कूकड़ा–बिलासपुर कट पर फ्लाईओवर का निर्माण तुरंत शुरू किया जाए, क्योंकि यहां लगातार दुर्घटनाएँ हो रही हैं और लोग अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर समस्या का जल्द समाधान नहीं किया गया तो जसपा बड़ा आंदोलन छेड़ेगी और रेशु चौक सहित आसपास के मुख्य मार्गों को पूरी तरह बंद कर देगी।

