मुजफ्फरनगर। जिले में विदेश भेजने के नाम पर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है। रामराज थाना क्षेत्र के गांव पुट्ठी इब्राहिमपुर निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर SSP के आदेश के बाद दो ठगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़ित श्यामवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे चाणक्य (22 वर्ष) और उसके एक मित्र को वर्ष 2023 में अमित कुमार निवासी जनसठ क्षेत्र और विशाल भारद्वाज निवासी सरहिंद, जिला फतेहगढ़ साहिब (पंजाब) ने ऑस्ट्रेलिया भेजने का लालच दिया था। दोनों युवकों से प्रति व्यक्ति 4 लाख रुपये की डिमांड की गई।
आरोपियों को कुल 8 लाख रुपये दिए गए, जिनमें कुछ रकम नकद और शेष बैंक ट्रांसफर के माध्यम से भेजी गई। इसके बाद आरोपी युवकों को बार-बार मेडिकल टेस्ट, वीजा प्रोसेस और दूतावास के नाम पर दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ बुलाते रहे, लेकिन महीनों बाद भी न तो वीजा मिला और न ही विदेश भेजा गया।
जब पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने साफ मना कर दिया और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। मजबूर होकर पीड़ित पिता ने पहले थाने में शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई न होने पर SSP से गुहार लगाई।
SSP के निर्देश पर अब रामराज थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और आपराधिक साजिश की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
