शाहजहांपुर के मदनापुर क्षेत्र के बरुआ पेहना गांव में सोमवार रात एक विवाह समारोह अचानक दर्दनाक हादसे में बदल गया, जब कॉफी मशीन तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट की चपेट में आए दो युवकों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बझेड़ा गांव निवासी सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले जिला अस्पताल और फिर हालत नाजुक होने पर बरेली रेफर किया गया।
समारोह में कॉफी की व्यवस्था लहसड़ी गांव के संतोष के पास थी, जो एक अन्य युवक के साथ मशीन चला रहा था। अचानक मशीन में अत्यधिक दबाव बन जाने से विस्फोट हुआ और दोनों युवक उड़कर जमीन पर जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार मच गई और मेहमान दहशत में सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।
पुलिस ने मृतक की पहचान शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मशीन की तकनीकी खराबी या गैस प्रेशर बढ़ने को कारण माना जा रहा है।

