मुजफ्फरनगर। प्रयागराज में माघ मेले के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ कथित रूप से हुए दुर्व्यवहार को लेकर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर के शिव चौक स्थित तुलसी पार्क में संत समाज, ब्राह्मण समाज और सनातनी संगठनों से जुड़े लोगों ने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल संतों और समाज के लोगों का कहना था कि माघ मेले के दौरान शंकराचार्य के बटुक शिष्यों के साथ पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप है कि धार्मिक मर्यादाओं का पालन किए बिना जबरन रोक-टोक और अभद्रता की गई, जिससे पूरे सनातन समाज की भावनाएं आहत हुई हैं।
प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने का आश्वासन देने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि यदि मांगों को अनदेखा किया गया, तो यह आंदोलन केवल मुजफ्फरनगर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे प्रदेश में संत समाज एकजुट होकर सड़कों पर उतरेगा।
प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।
