शामली, 23 दिसंबर। शामली पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक फिजियोथैरेपिस्ट और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए महंगे मेडिकल उपकरण और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 8 दिसंबर की रात बनत क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का ताला तोड़कर फिजियोथेरेपी मशीनें व अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया था। घटना की रिपोर्ट अगले दिन दर्ज कर जांच टीम गठित की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी डॉ. आसिफ, जो खुद फिजियोथेरेपी सेंटर संचालित करता है, ने अपने साथी सचिन के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने महंगे शौक और निजी खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी की वारदातों में शामिल था।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का किसी अन्य चोरी की घटना से कोई संबंध तो नहीं है।
