शामली। शहर में हुई एक बड़ी चोरी की घटना को पुलिस ने बेहद तेज़ी दिखाते हुए सिर्फ तीन घंटे में क्रैक कर दिया। जानकारी के अनुसार, एक मोटर मैकेनिक की दुकान पर काम कराने आए व्यक्ति का रकम से भरा बैग अचानक गायब हो गया था। पीड़ित द्वारा सूचना देते ही पुलिस ने तुरंत दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
फुटेज में दिखे दो संदिग्धों की पहचान कर पुलिस टीम ने इलाके में दबिश दी और कुछ ही समय बाद अनुज कुमार व अरुण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी गोरहपुर इलाके के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के बाद जब उन्हें पूछताछ की गई तो उन्होंने बैग चोरी की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस को इनके पास से ₹1,11,000 नकद, तथा दो मोटरसाइकिलें मिली हैं जिनका उपयोग आरोपी चोरी के बाद फरार होने में करते थे। एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि शिकायत मिलते ही पुलिस टीम की त्वरित प्रतिक्रिया के चलते मामला रिकॉर्ड समय में सुलझ गया। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई जारी है।
