शामली। जनपद शामली पुलिस ने तकनीकी सशक्तिकरण का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए गुमशुदा और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की सर्विलांस टीम ने CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल की मदद से अलग-अलग स्थानों से 111 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बीते कुछ समय से जनपद के विभिन्न थानों में मोबाइल गुम होने और चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी माध्यमों से मोबाइल फोन के IMEI नंबर ट्रैक कर उनकी लोकेशन का पता लगाया।
सफल कार्रवाई के बाद बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन को विधिवत प्रक्रिया पूरी कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया गया। अपने फोन वापस पाकर नागरिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली और उन्होंने पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की।
