शामली (उत्तर प्रदेश)। कांधला विकासखंड के ग्राम आल्दी में मतदान केंद्र के स्थान परिवर्तन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि यदि मतदान केंद्र को पुराने स्थान पर वापस नहीं किया गया तो वे आगामी चुनाव में मतदान नहीं करेंगे।
ग्रामीणों के अनुसार पहले उनका मतदान केंद्र कन्या पाठशाला, आल्दी में था, जिसे हाल ही में हटाकर जूनियर हाईस्कूल आल्दी में स्थानांतरित कर दिया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह क्षेत्र प्रभावशाली लोगों का दबदबा वाला इलाका है, जहां गरीब और कमजोर वर्ग के मतदाता खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करते।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पूर्व चुनावों में इसी क्षेत्र में तनाव, झगड़े और गोली चलने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे मतदान के दौरान अशांति की आशंका बनी रहती है। ऐसे में निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान संभव नहीं है।
इस मामले को लेकर तेजपाल, मनोज, वीरेंद्र, ब्रजपाल, रामदास, महेंद्र और रमेश सहित कई ग्रामीणों ने शामली कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि मतदान केंद्र को रविदास चौपाल (बूथ संख्या-44) पर ही पुनः स्थापित किया जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर समय रहते निर्णय नहीं लिया गया, तो वे लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए मतदान बहिष्कार करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group