शामली। पंचायत चुनाव से पूर्व जिले की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रही अवैध हथियार सप्लाई श्रृंखला पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी व झिंझाना थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर ग्राम अहमदगढ़ स्थित बावरिया कॉलोनी में छिपकर चल रही अस्थायी हथियार निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो व्यक्तियों — सन्नी पुत्र मूलचंद्र निवासी गांव सल्फा, थाना कांधला तथा रामकुमार पुत्र राजेंद्र निवासी गांव लिसाड़, सदर कोतवाली — को दबोचा। टीम को वहां से भारी मात्रा में हथियार और निर्माण सामग्री मिली, जिनमें —

12 बोर की देशी बंदूक
315 बोर व 312 बोर के तमंचे
कई आधे तैयार असलहे
नाल, पौनिया, जिंदा व खाली कारतूस
कटिंग टूल्स, फाइल, ड्रिल मशीन व धातु पार्ट्स
शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार फैक्ट्री कमरे के अंदर गुप्त तरीके से स्थापित की गई थी और हथियारों को तैयार कर आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाता था। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि चुनावी माहौल में असलहों की मांग बढ़ने के कारण उत्पादन तेज किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी को FSL परीक्षण हेतु भेजा जा रहा है तथा सप्लाई चैन, फाइनेंसर व खरीददारों की पहचान के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि जिले में चुनाव से पूर्व असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान और सख्त किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group