शामली | शामली जनपद में सरकारी संपत्ति से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। तैमूरशाह क्षेत्र निवासी हारून (पुत्र इसराइल) ने जिलाधिकारी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि दिल्ली रोड के समीप स्थित सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है।
शिकायत में बताया गया है कि कथित कब्जाधारियों ने जमीन को वक्फ बोर्ड की बताते हुए उस पर बड़े पैमाने पर निर्माण करा लिया है। आरोप है कि लगभग 20 बीघा भूमि पर सैकड़ों मकान और दर्जनों दुकानें बना दी गई हैं, जिनसे अवैध रूप से किराया वसूला जा रहा है।
शिकायतकर्ता के अनुसार इस भूमि की अनुमानित कीमत 200 करोड़ रुपये से अधिक है और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सरकारी नुकसान और बढ़ सकता है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि मामले को उठाने वालों को दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ता है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए।
