शामली। उत्तर प्रदेश में नशीले पदार्थों के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत शामली पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। झिंझाना थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मेरठ–करनाल हाईवे पर अगड़ीपुर स्टोन क्रेशर के पास एक स्मैक तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1 किलो 263 ग्राम उच्च गुणवत्ता की स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹2.5 करोड़ आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सरफराज उर्फ ढौला के रूप में हुई है, जो लंबे समय से नशे के कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह यह स्मैक बरेली के एक बड़े सप्लायर से लेकर आता था और अपने साथी साबिर सहित अन्य लोगों के माध्यम से शामली, कैराना, सहारनपुर और आसपास के जिलों में सप्लाई करता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक बैग, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और पैकिंग सामग्री भी बरामद की है। अधिकारियों का कहना है कि यह किसी बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
एसपी शामली ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
