शामली, उत्तर प्रदेश। जनपद शामली में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर सरेराह हमला किए जाने से इलाके में दहशत फैल गई। कोतवाली क्षेत्र के आज़ाद चौक निवासी युवक को उस समय निशाना बनाया गया, जब वह सुबह अपने काम से लौट रहा था।
पीड़ित प्रिस (पुत्र करण सिंह) के अनुसार कुछ युवकों ने उसे रास्ते में रोक लिया और पहले कहासुनी की, फिर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बेल्ट, लात-घूंसों और डंडों से जमकर पिटाई की। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पीड़ित ने कोतवाली में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
