मुज़फ्फरनगर। जिले में शिवसेना से जुड़े कार्यकर्ता हेमंत शर्मा को कथित रूप से विदेशी फोन नंबरों से हत्या की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। यह विवाद उस समय खड़ा हुआ जब शर्मा ने बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के साथ हुई घटनाओं के विरोध में शहर में आयोजित प्रदर्शन में भाग लिया था। प्रदर्शन के दौरान बांग्लादेश के झंडे के प्रतीकात्मक विरोध के बाद उन्हें लगातार धमकी भरे कॉल और संदेश आने लगे।
शिकायत में कहा गया है कि कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपशब्द कहने के साथ-साथ ‘सिर तन से जुदा’ जैसी गंभीर धमकी दी। इससे कार्यकर्ता और परिवार में दहशत का माहौल बन गया। घटना के बाद शिवसेना युवा जिलाध्यक्ष शैंकी शर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने साइबर क्राइम कार्यालय पहुंचकर लिखित तहरीर सौंपी तथा दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
शैंकी शर्मा ने इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील मामला बताते हुए कहा कि यदि धमकी देने वालों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन चरणबद्ध आंदोलन करेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शिकायत दर्ज कर ली गई है और कॉल डिटेल, सर्वर लोकेशन तथा तकनीकी इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और मामले की आधिकारिक जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।
