बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के नूरपुर पिनौनी गांव में मंगलवार दोपहर उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब एक युवक शादी कराने की जिद पर गांव के बाहर बनी करीब 30 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया। युवक की उम्र लगभग 40 वर्ष बताई जा रही है, हालांकि उसका नाम पुलिस द्वारा उजागर नहीं किया गया।
टंकी पर बैठे युवक ने नीचे मौजूद लोगों से कहा कि जब तक उसकी शादी तय नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। घटना की जानकारी मिलते ही महिलाएँ, बच्चे और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुँच गए।
स्थिति बिगड़ने की आशंका पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इस्लामनगर थाना प्रभारी व चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने भीड़ को पीछे हटाया और युवक से शांत स्वर में बातचीत शुरू की।
करीब 35–40 मिनट की काउंसलिंग के बाद युवक नीचे आने के लिए तैयार हो गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे रस्सी और सीढ़ी की मदद से सुरक्षित उतारा गया।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि— युवक की पहले शादी हो चुकी थी
वैवाहिक विवाद के चलते पत्नी छह वर्ष पूर्व अलग हो गई
उसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा
इसी तनाव में उसने यह कदम उठा लिया।
पुलिस ने युवक को समझाइश दी और माँ के सुपुर्द करते हुए चिकित्सकीय उपचार कराने की सलाह दी। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली कि समय रहते स्थिति संभाल ली गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group