संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जनपद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां हजरतनगर-गढ़ी थाना क्षेत्र में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। महिला का शव जंगल से सटे कच्चे रास्ते पर बरामद हुआ, जबकि उसकी दो वर्षीय बेटी सुरक्षित लेकिन अकेली हालत में गांव में मिली। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
मृतका की पहचान ग्राम सिसौटा निवासी 32 वर्षीय सेबुल निशा पत्नी मुजम्मिल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार सेबुल निशा 22 जनवरी को अपनी छोटी बेटी जोहरा को साथ लेकर रामपुर जिले के जहांगीरपुर गांव में मौसी के यहां आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में गई थी। रात तक वापस न लौटने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
ग्रामीणों को एक मासूम बच्ची अकेली भटकती दिखाई दी। पहचान होने पर परिजन जब मौके पर पहुंचे तो अनहोनी की आशंका गहराने लगी। कुछ ही समय बाद जंगल के पास महिला का शव मिलने से पूरे मामले का खुलासा हुआ। शव की हालत देख पुलिस ने प्रथम दृष्टया सिर कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटनास्थल के पास एक बड़ा पत्थर भी मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, महिला की अंतिम गतिविधियों और आसपास के रास्तों की जांच कर रही है। मृतका के पति मुजम्मिल, जो दिल्ली में काम करते हैं, को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
