अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए कोतवाली देहात पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। देर रात नहर पटरी रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश सलीम उर्फ सगीर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम वाहन चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार दो संदिग्धों ने अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक फिसल गई, लेकिन बदमाशों ने दोबारा गोलियां चला दीं। जवाबी फायरिंग में सलीम के पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया।
गिरफ्तार बदमाश थाना बेहट क्षेत्र के गांव पठलोकर का निवासी है और लंबे समय से पुलिस की वांछित सूची में शामिल था। उस पर लूट, चोरी, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी का सामान और नकदी बरामद की है।
फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और क्षेत्र में लगातार दबिश दी जा रही है।
