सहारनपुर (गागलहेड़ी)। बलियाखेड़ी गांव से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पारिवारिक विवाद के बाद 30 वर्षीय महिला मनीता ने अपने दो मासूम बच्चों — छह वर्षीय बेटी नित्या और चार वर्षीय बेटे कार्तिक — के साथ जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 8:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि ससुराल में किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद मनीता बच्चों को लेकर घर से अलग कमरे में चली गई। यहीं उसने पहले बच्चों को जहर दिया और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ निगल लिया।
कुछ ही देर में तीनों की हालत गंभीर हो गई। परिजनों को जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आनन-फानन में तीनों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद पहले मनीता और उसकी बेटी नित्या की मौत हो गई। कुछ घंटे बाद बेटे कार्तिक ने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि लगातार दबाव और उत्पीड़न के कारण मनीता ने यह खौफनाक कदम उठाया।
गागलहेड़ी पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मायके पक्ष की तहरीर पर ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू की गहन पड़ताल की जाएगी।
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग इस त्रासदी से स्तब्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group