मुजफ्फरनगर, 24 दिसंबर 2025। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरथावल का औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंचे सीएमओ ने अस्पताल की ओपीडी, प्रयोगशाला, दवा कक्ष और लेबर रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति परखी।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, जांच उपकरणों की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। कुछ व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि कई बिंदुओं पर सुधार की जरूरत बताते हुए कर्मचारियों को तत्काल निर्देश दिए गए।
सीएमओ ने आशा कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संस्थागत प्रसव बढ़ाने, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और बच्चों के पूर्ण टीकाकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को चेताया गया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
