
मुजफ्फरनगर
फेडरेशन ऑफ मुज़फ़्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के फेडरेशन हाल में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देश भूषण की अध्यक्षता में जिला उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सहायक आयुक्त उद्योग ने पिछली बैठक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली बाधित होने, नगर पालिका द्वारा टैक्स नोटिस जारी किए जाने, विभागीय देरी और आधारभूत सुविधाओं की कमी सहित कई समस्याओं से सीडीओ को अवगत कराया।
सीडीओ ने संबंधित विभागों को सभी शिकायतों का शीघ्र और पारदर्शी निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वहलना चौक से वहलना गांव तक निर्माणाधीन नाले के कार्य में हो रही देरी पर नाराज़गी जताते हुए पीडब्ल्यूडी को काम जल्द पूरा करने का आदेश दिया। विद्युत विभाग की शिकायतें अधिक आने पर अलग से समीक्षा बैठक कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सदस्य सचिव आशीष कुमार, सहायक श्रमायुक्त, पीडब्ल्यूडी, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राज्य कर विभाग, वन विभाग, बैंक प्रतिनिधि और उद्योग संगठनों के सदस्य उपस्थित रहे।
