हमीरपुर जिले के ससान क्षेत्र में एक महिला की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। जानकारी के अनुसार लगभग 40 वर्षीय महिला रोज की तरह सुबह खेत में घास काटने गई थी। इसी दौरान गांव का लगभग 14 वर्षीय किशोर वहाँ पहुंचा और कथित तौर पर गलत नीयत से महिला को पकड़ने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने उस पर दरांती और डंडे से हमला कर दिया, जिससे महिला बुरी तरह घायल होकर बेहोश हो गई।
बेहोशी की हालत में महिला लंबे समय तक खेत में पड़ी रही। इस दौरान आवारा कुत्तों का एक झुंड वहाँ पहुंचा और उसके पैरों व हाथों को नोचकर गहरी चोटें दे दीं। कुछ देर बाद एक ग्रामीण की नज़र महिला पर पड़ी तो उसने तुरंत परिवार को सूचना दी। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से हालत बिगड़ने पर चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। कई दिन इलाज चलने के बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर आरोपी की गिरफ्तारी, पुलिस चौकी स्थापन और आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग की। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

