मुजफ्फरनगर, 24 जनवरी 2026। जनपद मुजफ्फरनगर में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदाता जागरूकता को लेकर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह तथा अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार की उपस्थिति में समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई गई।
शपथ ग्रहण कराते हुए अधिकारियों ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव प्रणाली पर निर्भर करती है। प्रत्येक नागरिक को बिना किसी लालच, दबाव, जाति, धर्म, वर्ग, समुदाय या भाषा के प्रभाव में आए अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखना केवल निर्वाचन आयोग ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक जिम्मेदार नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूक मतदाता ही स्वस्थ लोकतंत्र की नींव होता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


