मुज़फ्फरनगर।  किसानों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में अब किसान दिवस 24 नवंबर 2025 दोपहर 12 बजे आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम जिला स्तर पर जिला पंचायत सभागार में तथा विकास खण्ड स्तर पर सभी ब्लॉक कार्यालयों के सभाकक्षों में एक साथ संपन्न होगा।
उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पूर्व 19 नवंबर को नियत किसान दिवस का आयोजन प्रधानमंत्री द्वारा संचालित 21वीं किसान सम्मान निधि के लाइव प्रसारण कार्यक्रम के कारण स्थगित कर दिया गया था। अब जिलाधिकारी के निर्देश पर इसकी नई तिथि 24 नवंबर निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में किसानों की शिकायतों, फसल संबंधी समस्याओं, तकनीकी चुनौतियों और योजनाओं के लाभ वितरण से जुड़ी शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाएगा। साथ ही कृषि क्षेत्र से संबंधित सभी विभाग—कृषि, उद्यान, पशुपालन, बीज, सिंचाई, मत्स्य, कृषि रक्षा, कृषि यांत्रिकी सहित अन्य विभाग—अपनी-अपनी सरकारी योजनाओं, अनुदानों, तकनीकी सुविधाओं और नई पहल की विस्तृत जानकारी किसानों को प्रदान करेंगे।
उप कृषि निदेशक ने सभी विकास खंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे समय से उपस्थित होकर किसानों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी कृषकों तक पहुँचाना अपना दायित्व समझें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group