बागपत। घिटौरा के जंगल में दो अक्टूबर से लापता चल रहे गढ़ी कलंजरी निवासी अजय यादव का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपित को हिरासत में लेकर उसकी निशानदेही पर शव बरामद किया है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।परिजनों के मुताबिक अजय यादव दिल्ली में एक वकील के यहां वाहन चलाता था। दो अक्टूबर की रात गांव का लवदीप उसे पार्टी के बहाने घर से अपने साथ ले गया था। इसके बाद अजय वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की और हत्या की आशंका जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया।पुलिस की जांच में सामने आया कि अजय को लवदीप और पुरनपुर नवादा निवासी अमित के साथ घिटौरा के जंगल की ओर ले जाया गया था। वहां खेत के पास कथित तौर पर ईंटों से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को वहीं छोड़ दिया गया।पुलिस ने जांच के दौरान अमित को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर सोमवार देर रात जंगल से अजय का शव बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सामने आ रही है। बताया गया कि करीब दो वर्ष पहले अजय और आरोपित पक्ष के बीच विवाद हुआ था।थाना प्रभारी राकेश पुंडीर के मुताबिक मामले में एक आरोपित को हिरासत में लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दूसरे आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group