मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मकबरा डिग्गी में सोमवार रात पुरानी रंजिश को लेकर एक किशोर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोसी युवक ने मस्जिद के पास किशोर को रोककर पेपर कटर से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद किशोर लहूलुहान हालत में किसी तरह घर पहुंचा और परिजनों को घटना की जानकारी दी।मकबरा डिग्गी निवासी नवाब के मुताबिक, कुछ दिन पहले उनके बड़े बेटे का पड़ोसी समद से विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। सोमवार रात उनका छोटा बेटा तहजीब मस्जिद के पास गया था। आरोप है कि इसी दौरान समद ने उसे रास्ते में रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी के बाद आरोपी ने पेपर कटर से तहजीब की गर्दन पर हमला कर दिया।हमले में घायल तहजीब खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा। परिजनों ने उसकी हालत देखकर पुलिस को सूचना दी और उसे लेकर रेलवे रोड थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार चल रहा है।परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी विजय कुमार के अनुसार घायल किशोर का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद घटना की वास्तविक वजह और हमले में शामिल व्यक्ति के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी।