नजीबाबाद। रेलवे यार्ड में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। प्लेटफार्म संख्या एक और दो के बीच मेनलाइन पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू की।बताया गया कि हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। उसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे के कारण रेलवे लाइन पर कुछ समय के लिए परिचालन भी प्रभावित रहा। बाद में रेलवे कर्मचारियों ने आवश्यक कार्रवाई कर ट्रैक को साफ कराया।पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई और शव की तलाशी ली। इस दौरान उसके पास से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन मिला, लेकिन कोई पहचान पत्र या यात्रा संबंधी टिकट बरामद नहीं हुआ। मोबाइल फोन के माध्यम से पुलिस मृतक की पहचान और उसके स्वजन तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक रेलवे यार्ड की मेनलाइन तक कैसे पहुंचा और वह किस ट्रेन की चपेट में आया। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के साथ मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।