मुजफ्फरनगर, 6 अक्टूबर 26। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जीआईसी मैदान में दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने की। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण वितरित किए।कार्यक्रम में दिव्यांगजनों को 200 ट्राईसाइकिल, 36 व्हीलचेयर, 45 स्मार्ट केन, 144 बैसाखी, 20 एमआर किट, 14 लेप्रोसी किट और 15 कान की मशीन प्रदान की गईं। इसके अलावा 98 कृत्रिम हाथ-पैर भी लाभार्थियों को दिए गए। उपकरण मिलने पर लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी नजर आई। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को आवागमन, दैनिक कार्यों और अन्य जरूरतों में सुविधा मिलने की उम्मीद है।राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी भेदभाव के पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन पेंशन के तहत अब तक एक हजार रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जा रही थी, जिसे बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह किए जाने की दिशा में सरकार ने कदम बढ़ाया है।उन्होंने बताया कि कक्षा नौ से 12 तक पढ़ने वाली दिव्यांग छात्राओं को विद्यालय और महाविद्यालय आने-जाने के लिए ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने तथा 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र लोगों को मोटर ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है। सरकार प्रदेश के सभी 18 मंडलों में दिव्यांगजनों के लिए विद्यालय स्थापित करने की दिशा में भी काम कर रही है, ताकि तीन वर्ष की आयु से उच्च स्तर तक उन्हें शिक्षा की सुविधा मिल सके।कार्यक्रम के दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओ लेवल कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना और पिछड़ी जाति शादी अनुदान योजना के 25 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव ने किया।इस अवसर पर भाजपा के महामंत्री संजय गर्ग, सदस्य प्रशांत मलिक, रामकुमार कश्यप, राज्य सलाहकार बोर्ड के सदस्य सुंदरपाल एडवोकेट, उपायुक्त स्वरोजगार दीक्षा उपाध्याय, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अरविंद पाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मैत्री रस्तोगी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group