मुजफ्फरनगर। जानसठ क्षेत्र में पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार रात डिवाइडर से टकराने के बाद एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। लपटें उठती देख चालक ने ट्रक से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।हादसा कवाल गांव के पास रात करीब नौ बजे हुआ। बताया गया कि ट्रक डिवाइडर से टकरा गया था। टक्कर के बाद उसमें आग भड़क उठी। देखते ही देखते पूरा ट्रक आग की चपेट में आ गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित कर दिया।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यूपी-112 और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ट्रक पूरी तरह जल चुका था। हादसे के चलते राजमार्ग पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे हटवाया गया, जिसके बाद यातायात सुचारु कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group