मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक भीषण हादसे ने छह परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। तितावी थाना क्षेत्र के जंगहेड़ी के पास तेज रफ्तार कार पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर डिवाइडर पार कर पलट गई। टक्कर के बाद कार में आग लग गई। देखते ही देखते लपटों ने पूरी गाड़ी को घेर लिया। कार में सवार महिला समेत छह लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।बताया गया कि कार हरियाणा के हिसार से हरिद्वार की ओर जा रही थी। उसमें कुल छह लोग सवार थे। सुबह करीब पांच बजे जंगहेड़ी के पास कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूटकर दो हिस्सों में बंट गया। इसके बाद कार डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर जाकर पलट गई।

हादसे में डिवाइडर का करीब 10 मीटर हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे के तुरंत बाद कार में आग लग गई। आग ने इतनी तेजी से विकराल रूप लिया कि अंदर बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। सड़क से गुजर रहे लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग बुझने के बाद कार के अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। गाड़ी पूरी तरह जल चुकी थी और उसमें सवार लोगों के शव बुरी तरह झुलस गए थे। पुलिस और दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला। हालत इतनी खराब थी कि मृतकों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।हादसे की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जानकारी में कार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हादसे में राहुल (22), उसका भाई अंकित (21), साहिल (22), अजय (22), अमन (19) और अंकित (23) की मौत हुई है। कार में सवार सभी युवक दोस्त थे। हादसे में राहुल और उसके भाई अंकित की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं अन्य युवकों के परिवारों में भी मातम पसरा हुआ है।पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार के नंबर के आधार पर वाहन की जानकारी जुटाई। कार का पंजीकरण नंबर HR 66D 6390 बताया गया है। जांच के दौरान कार के मालिक से संपर्क किया गया। इसके बाद साहिल और उसके परिवार के बारे में जानकारी मिली। परिजनों से संपर्क कर हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान की गई।परिजनों के मुताबिक साहिल दोस्तों के साथ कार लेकर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए निकला था। दिवाली की रात दोस्तों ने हरिद्वार जाने का कार्यक्रम बनाया था। सभी युवक साथ में घूमने और गंगा स्नान करने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं।बताया गया कि अमन और अजय गांव मोठ लुहारी में रहते थे। अंकित एसी और फ्रिज की मरम्मत का काम करता था, जबकि राहुल गैस वेल्डिंग का काम करता था। हादसे की खबर मिलते ही परिवारों में कोहराम मच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group