नोएडा में BLO ड्यूटी के दबाव ने एक सरकारी शिक्षिका को इतनी हद तक परेशान कर दिया कि आखिरकार उन्हें अपनी स्थायी नौकरी ही छोड़नी पड़ी। गौतमबुद्धनगर के सेक्टर-34 स्थित विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका पिंकी सिंह ने अचानक इस्तीफा देकर शिक्षा विभाग में हलचल मचा दी है।
सूत्रों के अनुसार, उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसके साथ उन्हें नियमित अध्यापन कार्य भी संभालना था। दोहरी ड्यूटी, क्षेत्र में लगातार दौड़-भाग और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते उनका तनाव बढ़ता गया। बताया जा रहा है कि शिक्षिका कुछ समय से थायराइड की समस्या से भी जूझ रही थीं।
इस्तीफे में उन्होंने साफ लिखा कि अब वह न BLO का काम संभाल पा रही हैं, न ही स्कूल की कक्षाएँ। इसलिए मजबूरी में वह अपनी सेवा समाप्त कर रही हैं और विभाग को निर्वाचन सामग्री किसे सौंपनी है, इस बारे में निर्देश देने को कहा है।
