सहारनपुर। जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र के दतौली मुगल गांव में आयोजित एक रात्रि कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से आपत्तिजनक नृत्य कराए जाने का मामला सामने आया है। कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, गांव में एक निजी समारोह के नाम पर मंच और तेज ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाए गए थे। देर रात कुछ युवकों द्वारा बाहर से महिलाओं को बुलाकर नृत्य कार्यक्रम कराया गया। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान अशोभनीय हरकतें और भीड़ का हुड़दंग बढ़ता गया, जिससे गांव का माहौल बिगड़ गया।
वीडियो सामने आने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। फतेहपुर थाने में आयोजकों समेत 10 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नौशाद पुत्र इरशाद और गुलफाम पुत्र सलामू, दोनों निवासी दतौली मुगल, को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि बिना अनुमति इस तरह का कार्यक्रम आयोजित करना और सार्वजनिक शालीनता भंग करना गंभीर मामला है। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है तथा कार्यक्रम में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
