मुज़फ्फरनगर: जिले के भोपा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म और बाद में जबरन गर्भपात संबंधी दवा देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत चिंताजनक होने पर लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज, मेरठ रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
परिजनों द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि क्षेत्र का ही एक युवक किशोरी को बहाने से सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ समय बाद तबीयत खराब होने और गर्भ की आशंका पर आरोपी ने कथित रूप से उसे जबरन गर्भपात की दवा खिला दी। दवा के असर से किशोरी को तेज दर्द और अत्यधिक कमजोरी होने लगी, जिसके बाद मामला खुला।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। भोपा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित जांच शुरू की । तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी युवक को छह घंटे के भीतर दबोच लिया गया। उसकी गिरफ्तारी पास के ग्रामीण क्षेत्र से की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और जबरन गर्भपात से संबंधित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।
प्रशासन ने पीड़िता के परिवार को सुरक्षा देने और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है, जबकि महिला संगठनों ने दोषी को कठोर सज़ा दिलाने की मांग उठाई है।
