मुजफ्फरनगर, 6 फरवरी 2026। जनपद के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। देवेश सिंह, सहायक श्रमायुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के निर्देशानुसार जिन श्रमिकों ने पिछले चार वर्षों या उससे अधिक समय से अपना पंजीकरण नवीनीकृत नहीं कराया है, उन्हें 15 फरवरी 2026 तक अंतिम अवसर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की समीक्षा बैठक में यह तथ्य सामने आया कि प्रदेश में लगभग 1.87 करोड़ निर्माण श्रमिक पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल लगभग 13.83 लाख श्रमिकों का पंजीकरण अद्यतन है। बड़ी संख्या में श्रमिक ऐसे हैं जिन्होंने चार वर्ष या उससे अधिक समय से नवीनीकरण नहीं कराया है। ऐसे श्रमिकों को नियमानुसार निष्क्रिय सूची में डाले जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
बोर्ड द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पूर्व निर्धारित समय सीमा को बढ़ाते हुए अब 15 फरवरी 2026 तक पोर्टल पर नवीनीकरण की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। इसके बाद नवीनीकरण न कराने वाले श्रमिकों का पंजीकरण स्वतः निष्क्रिय कर दिया जाएगा, जिससे वे बोर्ड की विभिन्न योजनाओं और आर्थिक सहायता से वंचित हो सकते हैं।
सहायक श्रमायुक्त ने अपील की है कि सभी पात्र निर्माण श्रमिक अपने नजदीकी सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) या जनसेवा केंद्र के माध्यम से समय रहते अपना नवीनीकरण अवश्य करा लें। विभाग द्वारा सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया और अन्य माध्यमों से व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि कोई भी श्रमिक लाभ से वंचित न रहे।
