मुज़फ्फरनगर जनपद के मीरापुर क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। टोल प्लाज़ा के पास पंचर की दुकान पर काम कर रहे 23 वर्षीय युवक आदिल की ट्रक के टायर में हवा भरते समय हुए भीषण विस्फोट में मौत हो गई। घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है।
मूल रूप से ग्राम मुझेड़ा सादात निवासी आदिल रोज की तरह अपनी दुकान पर काम कर रहा था। इसी दौरान एक कैंटर चालक वाहन का टायर ठीक कराने के लिए पहुंचा। पंचर जोड़ने के बाद जब आदिल टायर में हवा भर रहा था, तभी अचानक तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। विस्फोट से टायर फट गया और उसकी चपेट में आकर आदिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को जानसठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर मेरठ जा ही रहे थे कि रास्ते में उसकी सांसें थम गईं। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हादसा अत्यधिक दबाव के कारण टायर फटने से हुआ बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group