मुजफ्फरनगर, 12 फरवरी 26। जिले में संयुक्त पुलिस कार्रवाई के दौरान 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत के घाट उतर गया। घटना में दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार थाना बुढाना, थाना तितावी तथा थाना शाहपुर की संयुक्त टीम वांछित अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिस ने घेराबंदी की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अमजद पुत्र जिलेदीन निवासी ग्राम हरसौली थाना शाहपुर गोली लगने से घायल हो गया।
घायल अमजद को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढाना ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मुठभेड़ में बदमाशों की गोली से उपनिरीक्षक संदीप कुमार और कांस्टेबल इशफाक भी घायल हुए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमजद अंतर्राज्यीय स्तर का शातिर अपराधी था। उस पर हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 40 संगीन मुकदमे विभिन्न जनपदों व राज्यों में दर्ज थे। वह थाना बुढाना में दर्ज दो मामलों में वांछित चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर सहारनपुर परिक्षेत्र स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम पर पहले फायरिंग की गई, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। पूरे घटनाक्रम की मजिस्ट्रियल जांच कराई जा रही है तथा विधिक कार्यवाही प्रचलित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group