जालौन | उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने डाक विभाग में फैले भ्रष्टाचार का खुलासा करते हुए दो अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। CBI की कार्रवाई में कोंच उप-डाकघर के सब डिविजनल इंस्पेक्टर प्रतीक भार्गव और चंदुर्रा शाखा के पोस्टमास्टर आमिर हसन को पकड़ा गया।
CBI के मुताबिक, शिकायतकर्ता से आरोपियों ने स्थानांतरण प्रक्रिया, वेतन भुगतान और जाति प्रमाण पत्र के सत्यापन के लिए कुल ₹15,000 की रिश्वत की मांग की थी। इसमें से ₹5,000 पहले ही ले लिए गए थे, जबकि शेष राशि देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था।
शिकायत की पुष्टि के बाद CBI ने ट्रैप टीम गठित की और जालौन में कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को रंगे हाथ रिश्वत स्वीकार करते समय गिरफ्तार कर लिया।
CBI अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
